खबर लहरिया औरतें काम पर आखिर महोबा में बलात्कार की घटनाएं क्यूँ बढ़ रही है? इस बार कबरई की 15 साल की लड़की के साथ

आखिर महोबा में बलात्कार की घटनाएं क्यूँ बढ़ रही है? इस बार कबरई की 15 साल की लड़की के साथ

जिला महोबा, ब्लाक कबरई, मोहल्ला अम्बेडकर नगर। महोबा में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और बलात्कार जैसी घटना बढ़ती जा रही हैं। 3 जनवरी की रात को 15 साल की बच्ची के साथ बलात्कार की घटना हुई। लड़की के परिवार वालों ने अवैध विस्फोटक माफिया राजा महाराज, सुनील महाराज और पिंटू कोरी पर बलात्कार का आरोप लगाया है। उन्होंने बलात्कार के बाद लड़की को 300 फिट गहरे  पहाड़  से फेंक दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। तीनों आरोपियों के खिलाफ कबरई थाने में एफआईआर लिखवाई गई है। हालांकि रिपोर्ट लिखने तक पिंटू कोरी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अभी भी फरार हैं।

3 जनवरी की रात साढ़े दस बजे राजा महाराज, सुनील महाराज और पिंटू कोरी चार पहिया गाड़ी में आये और देवराज के घर में घुसकर उसकी 15 साल की बेटी को उठाकर ले गए। देवराज रात को मजदूरी करने के लिए गया था। तीनों आरोपियों ने देवराज की पत्नी के साथ मारपीट की।

तीनों आरोपियों ने लड़की के साथ बलात्कार करके रामकुंडा पहाड़ में फेंककर चले गए। लड़की के पिता देवराज का कहना हैं, “लड़की को ले जाने की जानकारी मुझे उसकी मां ने दी। तो हमें उसे खोजने की कोशिश की। पर जब मेरी बेटी मिली तो वह मर चुकी थी।”

तीनों आरोपी अपराधी प्रवृत्ति के हैं। कबरई के थाना अधिकारी अमित भड़ाना ने इस घटना पर जानकारी दी कि धारा 201, 352, 302, 2/17, 376 (घ) और पोक्सो एक्ट के तहत राजा महाराज, सुनील महाराज और पिंटू कोरी के नाम पर मुकदमा लिख दिया गया है। आरोपी पिंटू को पकड़ लिया गया है, जबकि दो अभी भी फरार हैं। इनको पकड़ने के लिए तीन टीम बनाई गई हैं और उम्मीद है कि जल्द ही उन दो को भी पकड़ लिया जाएगा।

रिपोर्टर- सुनीता प्रजापति

Published on Jan 8, 2017