खबर लहरिया राजनीति अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव में हिलेरी ने रचा इतिहास, बनी पहली महिला राष्ट्रपति उम्मीदवार

अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव में हिलेरी ने रचा इतिहास, बनी पहली महिला राष्ट्रपति उम्मीदवार

hillary clinton copyअमेरिका में राष्ट्रपति पद की दौड़ में पहली बार किसी प्रमुख पार्टी की उम्मीदवार बनकर हिलेरी क्लिंटन इतिहास रचने जा रहीं है।
8 जून की निर्णायक जीत के बाद हिलेरी डेमोक्रेटिक पार्टी की दावेदार बन गई हैं। अडसठ साल की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी ने अपने प्रचार अभियान के मुख्यालय पर अपने समर्थकों से कहा, “आप सभी का शुक्रिया, हमने एक पड़ाव पार कर लिया है, हमारे देश के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी प्रमुख पार्टी की उम्मीदवार कोई महिला होगी।’’
डेमोक्रेटिक पार्टी का उम्मीदवार बनने के लिए हिलेरी ने 2,383 प्रतिनिधियों का समर्थन हासिल किया। इस जीत पर अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने हिलेरी को बधाई भी दी।
हिलेरी को आवश्यक प्रतिनिधियों की संख्या तो मिल चुकी है लेकिन वह बाकी के छः प्राइमरी चुनाव में भी जीत हासिल करना चाहती हैं। गौरतलब है कि नवंबर में अमेरिकी राष्ट्रपति पद के चुनाव होंगे। विपक्ष दल रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से डोनाल्ड ट्रम्प राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार घोषित हुए हैं। अभी तक के चुनावी प्रचार में डोनाल्ड ट्रम्प ने महिलाओं, अल्पसंख्यको और आप्रवासियों को निशाना बनाया है, जबकि यह समुदाय हिलेरी के वोटर बेस का बड़ा हिस्सा है। इन दोनों उमीदवारों का राजनैतिक मुकाबला रोचक हो सकता है। अगर हिलेरी जीतती हैं, तो वह देश की पहली महिला राष्ट्रपति बनेंगी और इतिहास रचेंगी।