खबर लहरिया ताजा खबरें अखिलेश यादव लखनऊ में विक्रमादित्य मार्ग पर बनवाएंगे होटल

अखिलेश यादव लखनऊ में विक्रमादित्य मार्ग पर बनवाएंगे होटल

फोटो साभार: विकिपीडिया

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व उनकी पत्नी डिम्पल यादव लखनऊ में होटल बनवाएंगे। दोनों लोगों ने संयुक्त रूप से होटल का नक्शा पास करने के लिए एलडीए में आवेदन किया है।  

बताया जा रहा है कि ये होटल समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय विक्रमादित्य मार्ग के बिल्कुल नजदीक बनेगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण में नक्शा पास करने के लिए विभिन्न सरकारी विभागों से एनओसी मांगी है।

समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी का कहना है कि लाखों लोगों को मकान देने वाली अखिलेश यादव आज खुद किराये के मकान में रह रहे हैं। विक्रमादित्य मार्ग पर उनके रहने के लिए आ‌वास बनवाया जा रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व उनकी पत्नी डिंपल यादव के नाम विक्रमादित्य मार्ग पर 1-ए नंबर का बंगला है। इसे अखिलेश व डिंपल ने 31 जनवरी 2005 को दिल्ली निवासी उज्ज्वला रामनाथ पत्नी कमल रामनाथ से खरीदा था। अखिलेश ने जब इसे खरीदा था तब मुलायम सिंह यादव प्रदेश के मुख्यमंत्री थे।

इस जमीन की रजिस्ट्री के पेपर में डिंपल की फोटो है। इसे खरीदने के लिए 35 लाख रुपये देने की बात लिखी है। जमीन क्षेत्रफल 23872 वर्ग फुट है। अब डिंपल व अखिलेश इस पर हिबिस्कस हेरिटेज के नाम होटल बनाने जा रहे हैं। पिछले महीने उन्होंने इसके लिए एलडीए में नक्शा जमा कराया था। एलडीए को उनके नक्शे में कुछ खामी मिली थी। लिहाजा प्राधिकरण ने आपित्त लगाकर इसे वापस कर दिया।

बाद में दूसरा संशोधित नक्शा जमा किया गया। संशोधित नक्शा आने के बाद 28 जून 2018 को एलडीए ने नगर निगम के मुख्य वास्तुविद, महाप्रबंधक जलकल, राज्य संपत्ति अधिकारी, डीजी सुरक्षा और नज़ूल अधिकारी से मामले में आपत्ति-अनापत्ति मांगी। इसके जारी पत्र में  विभागों से 15 दिनों के भीतर उनकी आपत्ति व अनापत्ति देने को कहा गया है। विभागों की एनओसी ओने और मौके निरीक्षण के बाद एलडीए नक्शा जारी करेगा। इस जमीन पर अभी भी बिल्डिंग बनी हुई है।