खबर लहरिया ताजा खबरें अखिलेश बने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, कार्यकाल पांच वर्ष हुआ

अखिलेश बने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, कार्यकाल पांच वर्ष हुआ

फोटो साभार: विकिपीडिया

आगरा में 5 अक्टूबर को पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को समाजवादी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया। अखिलेश यादव के नाम पर पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने मुहर लगा दी।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तथा राज्यसभा सांसद प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में अखिलेश यादव को पार्टी का अध्यक्ष चुने जाने का औपचारिक ऐलान किया। अध्यक्ष के रूप में अखिलेश यादव का कार्यकाल पांच वर्ष का होगा।
अखिलेश लगातार दूसरी बार दल के अध्यक्ष चुने गए। इस घोषणा के दौरान सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और उनके छोटे भाई शिवपाल यादव मौजूद नहीं थे।
गौरतलब है कि सपा के 10वें राष्ट्रीय अधिवेशन से पहले 5 अक्टूबर को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई जिसमें अध्यक्ष के कार्यकाल की अवधि मौजूदा तीन वर्ष से बढ़ाकर पांच साल कर दिया गया।
अखिलेश यादव को पांच वर्ष के लिए पार्टी का अध्यक्ष बनाने के लिए पार्टी के संविधान में भी संशोधन किया गया है। पहले पार्टी के अध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्ष का होता था। इससे पहले मुलायम सिंह यादव पार्टी के अध्यक्ष थे।